दिल्ली में सामने आया एक शर्मनाक मामला: सीएम बोले- 'ये बेहद शर्मनाक है।'

दिल्ली में सामने आया एक शर्मनाक मामला: सीएम बोले- 'ये बेहद शर्मनाक है।'

दिल्ली के शाहदरा में निजी रंजिश को लेकर एक 20 साल की महिला के साथ गैंगरेप और फिर बाल काटकर उसे सड़को पर घुमाने का शर्मनाक मामला सामने आया। इस मामले में अबतक पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने पीड़ित से मुलाकात कर दावा किया कि इसे अवैध शराब बेचने वालों ने अंजाम दिया है। मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को नोटिस भी जारी किया। केंद्रीय गृह मंत्रालय और एलजी से सीएम अरविंद केजरीवाल ने सख्त ऐक्शन की मांग की। 

शाहदरा के विवेक विहार थाने का मामला है। इस मामले से जुड़े वीडियो में दिख रहा कि भीड़ एक महिला के बाल काट उसके मुंह पर कालिख पोतने के बाद जूतों की माला पहनाकर उसे सड़क पर घुमा रही है। ज्यादातर भीड़ में महिलाएं शामिल थी। पीड़ित के साथ गैंग रेप हुआ। दिल्ली पुलिस के अनुसार आरोपियों ने इस जघन्य अपराध को निजी दुश्मनी की वजह से अंजाम दिया। 

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने इस मामले को लेकर ट्वीट किया, 'कस्तूरबा नगर में 20 साल की लड़की का अवैध शराब बेचने वालों द्वारा गैंगरेप किया गया। उसे गंजा कर, चप्पल की माला पहना पूरे इलाके में मुंह काला करके घुमाया। मैं दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर रही हूं। सब अपराधी आदमी-औरतों को अरेस्ट किया जाए और लड़की और उसके परिवार को सुरक्षा दी जाए।'

स्वाति मालीवाल के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए दिल्ली के सीएम अरविन्द केजरीवाल लिखा, 'ये बेहद शर्मनाक है। अपराधियों की इतनी हिम्मत हो कैसे गई? केंद्रीय गृहमंत्री जी और उपराज्यपाल जी से मैं आग्रह करता हूं कि पुलिस को सख्त एक्शन लेने के निर्देश दें, कानून व्यवस्था पर ध्यान दें। दिल्लीवासी इस तरह के जघन्य अपराध और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।'

शाहदरा के डीसीपी आर. सत्यसुंदरम ने बताया, 'इस मामले में अबतक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।' दिल्ली पुलिस ने अपने ऑफिशल ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, 'आज शाहदरा जिले में निजी दुश्मनी के चलते एक महिला के साथ सेक्सुअल असॉल्ट की दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है। पुलिस ने 4 आरोपियों को दबोच लिया है और जाच जारी है। पीड़ित को हर संभव सहायता पहुंचाई जा रही है और उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है।'

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ सालों से पीड़ित महिला शाहदरा इलाके में रह रही है। महिला शादीशुदा है और एक बच्चा भी है। पड़ोस में रहने वाले एक शख्स का उसके साथ एकतरफा अफेयर चल रहा था। उसकी पहल को कई बार उसने ठुकराया था। युवक ने कुछ दिन पहले खुदकुशी कर ली थी। परिवारवालों का मानना है कि महिला की वजह से उसने आत्महत्या की है। शख्स के परिजन घटना के बाद से नाराज हो गए और सबसे पहले पीड़िता पर परिवार की महिलाओं ने ही हमला किया।

हेमलता बिष्ट